4 नवंबर 2023 - 10:37
इस्राईल के खिलाफ सीरिया से खुलेगा नया मोर्चा, रूस से नाराज़गी ने बढ़ाई चिंता

कोशिश की जा रही है कि इस्राईल फिलिस्तीन संघर्ष को सीमित रखा जाए तो सीरिया से भी लड़ाई का मोर्चा खुलने से हालात चिंताजनक हो सकते हैं।


फिलिस्तीन पर इस्राईल के बर्बर हमलों और साथ ही सीरिया में वर्षों से जारी हमलों के बीच अब सीरिया से इस्राईल के खिलाफ नया मोर्चा खुल सकता है।

ऐसी आशंका जताई जा रही है कि सीरिया की तरफ से इस्राईल के खिलाफ नया मोर्चा खुल सकता है। लेबनान सीमा से इस्राईल और हिज़्बुल्लाह के बीच पहले से ही लगातार गोलीबारी हो रही है। ऐसे में जब अमेरिका द्वारा कोशिश की जा रही है कि इस्राईल फिलिस्तीन संघर्ष को सीमित रखा जाए तो सीरिया से भी लड़ाई का मोर्चा खुलने से हालात चिंताजनक हो सकते हैं।

संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिनिधि गेर पेडरसन का कहना है कि सीरिया से नया मोर्चा खुलने का सिर्फ खतरा नहीं है बल्कि यहां लड़ाई शुरू भी हो चुकी है। हाल ही में इस्राईली सेना ने सीरिया की सीमा में जहां हमला किया है, उसके पास ही रूसी सेना का बेस था। इस्राइली सेना द्वारा सीरिया के दो हवाई अड्डों दमिश्क और अलेप्पो पर भी बमबारी की गई है।

इस्राइल द्वारा रूस को इन हमलों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है जबकि अभी तक आमतौर पर ऐसा होता था कि जब सीरिया की सीमा में कार्रवाई की जाती थी तो रूस के साथ हमले की जानकारी साझा की जाती थी। रूस के उप-रक्षामंत्री मिखाइल बोगदानोव ने शुक्रवार को कहा कि 'जैसा कि होता है, अब इस्राईल, सीरिया पर हमले से पहले जानकारी नहीं दे रहा है। हमें हमला होने के बाद इसका पता चलता है।'